मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह होंगे गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि…

नई दिल्ली,। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी अगले वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी 26 जनवरी, 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। यह पहली बार है जब मिस्र के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। 2022-23 में भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को ‘अतिथि देश’ के रूप में आमंत्रित किया गया है।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने 16 अक्टूबर को उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दिया निमंत्रण व्यक्तिगत तौर पर सौंपा था। कोविड के चलते पिछले दो वर्षों से गणतंत्र दिवस समारोह बिना मेहमान नेता के आयोजित हो रहा है। मंत्रालय का कहना है कि भारत और मिस्र के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 1950 के बाद से देश में गणतंत्र दिवस पर विदेशी मेहमान नेता आमंत्रित करने की परंपरा रही है। केवल 1952, 53 और 66 में कोई मेहमान नेता नहीं रहा। इसके बाद 2020 में कोविड महामारी आयी। इसी के चलते 2021 में ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जोनसन और 2022 में मध्य एशिया देशों के राष्ट्र प्रमुख गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल नहीं हो पाए।
सियासी मियार की रिपोर्ट…
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal