गुजरात चुनाव में ऐतिहासिक सफलता का सबसे बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी में जनता के विश्वास को जाता है: राजनाथ..

नई दिल्ली, । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के ऐतिहासिक प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनकी साख को दिया।
भाजपा गुजरात में लगातार सातवीं बार ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है और राज्य में किसी विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक सीट जीतकर पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
सिंह ने ट्वीट किया कि गुजरात में भाजपा की ‘ऐतिहासिक विजय’ विकास, सुशासन और जन कल्याण के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता की जीत है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा, उनकी लोकप्रियता और साख को जाता है। उन्हें बधाई और जनता का आभार।’’
सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पटेल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल को भी राज्य में भाजपा के प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इन सभी नेताओं के अथक परिश्रम के कारण ‘‘भाजपा ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रचा है’’।
मतगणना के रुझान में भारी बढ़त के साथ भाजपा 182 सीटों में से 11 पर जीत हासिल कर चुकी है और 145 पर आगे चल रही है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal