Monday , September 23 2024

भाजपा के लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत शाह इस महीने 11 राज्यों का करेंगे दौरा..

भाजपा के लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत शाह इस महीने 11 राज्यों का करेंगे दौरा..

नई दिल्ली,। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपनी पार्टी के ‘‘लोकसभा प्रवास’’ कार्यक्रम के तहत इस महीने 11 राज्यों की यात्रा करेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य 2024 के आम चुनाव से पहले लक्षित संसदीय क्षेत्रों में पार्टी की जीत की संभावनाओं को मजबूती देना है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि शाह पांच जनवरी को त्रिपुरा और छह जनवरी को मणिपुर और नगालैंड में होंगे। वह सात जनवरी को छत्तीसगढ़ और झारखंड तथा आठ जनवरी को आंध्र प्रदेश जाएंगे।

वह 16 जनवरी को उत्तर प्रदेश, 17 जनवरी को पश्चिम बंगाल और 28 जनवरी को कर्नाटक के हुबली का दौरा करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री 29 जनवरी को उत्तरी राज्यों हरियाणा और पंजाब की यात्रा पर रहेंगे।

सत्तारूढ़ भाजपा के प्रमुख चुनावी रणनीतिकार के रूप में उभरे शाह 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के विस्तार के केंद्र में रहे हैं।

पार्टी ने पहले 160 सीट की पहचान की थी, जिनमें से अधिकांश 2019 के चुनाव में वह हार गई थीं। पार्टी का मानना है कि वह अपने संगठन और सामाजिक आधार को मजबूत करके इन सीट पर जीत हासिल कर सकती है।

सियासी मियार की रिपोर्ट