Monday , September 23 2024

राहुल, अमित शाह सहित कई नेताओं ने शरद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की…

राहुल, अमित शाह सहित कई नेताओं ने शरद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की…

नई दिल्ली, । दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शीर्ष राजनीतिक नेता शुक्रवार को दिल्ली के छतरपुर स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के आवास पर पहुंचे और समाजवादी दिग्गज के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सहित कई नेताओं ने शरद यादव को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी।

बाद में शाह ने शरद यादव के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच दशकों में शरद जी ने जन केंद्रित मुद्दों को उठाया और अपनी अंतिम सांस तक समाजवादी विचारों को बढ़ावा दिया।’’

राहुल गांधी सुबह करीब 8.30 बजे यादव के आवास पर पहुंचे। वह पंजाब से दिल्ली पहुंचे। उनकी अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में जारी है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यादव के साथ हुए एक संवाद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी और यादव राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थे, लेकिन उन्होंने हमेशा आपसी सम्मान का रिश्ता बनाए रखा।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचीं। यादव ने मार्च 2022 में अपने लोकतांत्रिक जनता दल का राजद में विलय कर दिया था।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सांसद रमेश बिधूड़ी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पत्नी सावित्री सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव और राजद के मनोज झा भी यादव को श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे।

शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव आंखमऊ में किया जाएगा। यादव का पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली से मध्यप्रदेश ले जाया जाएगा।

सियासी मीयर की रिपोर्ट