Monday , September 23 2024

लगुन-टीके से वापस लौट रही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, 5 घायल, एक गंभीर..

लगुन-टीके से वापस लौट रही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, 5 घायल, एक गंभीर..

रामपुर, । लगुन टीके से वापस लौट रही ट्रैक्टर ट्राली तालाब में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रॉली में सवार 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 4 बच्चे भी शामिल हैं।

हादसा अजीम नगर थाना क्षेत्र के मुरसैना-मिलकखानम मार्ग पर रविवार की शाम करीब 05:30 बजे बगड़खा जोड़ के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक अजीमनगर थाना क्षेत्र के सैदाबाद निवासी स्वर्गीय नौबत की पुत्री की सोमवार को बरात आनी थी।

रविवार को लड़की पक्ष के रिश्तेदार व परिवार के लोग ट्राली में सवार होकर लगन टीका लेकर मिलकखानम थाना क्षेत्र के हजीरा गांव गए थे। वापस लौटते समय अजीम नगर थाना क्षेत्र के बगड़खा जोड़ पर सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे तालाब में गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर ट्राली में तकरीबन 14 लोग सवार थे जिसमें ज्यादातर बच्चे शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अजीम नगर पुलिस भी पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।

घायलों में विकास पुत्र रूपचंद 12 वर्ष ग्राम सैदाबाद, सुभाष 11 वर्ष, पवन 13 वर्ष पुत्र राम अवतार निवासी सैदाबाद अजीम नगर रामपुर, श्यामलाल पुत्र लेखराज (35 वर्ष) व पुत्री आरती 12 वर्ष निवासी ग्राम बीसरा थाना पटवाई जनपद रामपुर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें श्यामलाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सियासी मियार की रिपोर्ट