Sunday , February 15 2026

महिला कार्यकर्ता भाजपा के विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे रही है : भूपेंद्र चौधरी.

महिला कार्यकर्ता भाजपा के विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे रही है : भूपेंद्र चौधरी.

अयोध्या, । आगामी चुनाव को लेकर रामनगरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश महिला मोर्चा की बैठक में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता अपने विचार के आधार पर सरकार के कार्य और उपलब्धि को जनता के बीच में कैसे पहुंचाएं, इस पर बैठक में चर्चा हुई।

आगामी नगर निकाय चुनाव और लोकसभा के चुनाव में हमारी भूमिका इन विषयों पर अलग-अलग सत्र में मंथन हो रहा है। महिला कार्यकर्ता भाजपा के विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे रही है। योगी आदित्यनाथ के छह वर्ष के कार्यकाल में अपराध में भारी गिरावट आई है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है, जो भविष्य में नजीर होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान में प्रदत्त आरक्षण की व्यवस्थाओं के साथ आगे बढ़ेगी। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सरकार और पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है, बिना पिछड़े वर्ग के आरक्षण के चुनाव नहीं कराया जाएगा। न्यायालय ने समय हमें दिया है। आयोग की रिपोर्ट सरकार को पेश हो चुकी है। आरक्षण की प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाया जाएगा। अधिसूचना के बाद हम लोग तैयारी के साथ चुनाव में जाएंगे। भाजपा की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ जनता के बीच में जाएंगे। जनता से अपील करेंगे कि भाजपा के पक्ष में मतदान करें। नगर निगम ,नगर पालिका, नगर पंचायत में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिले, जिससे बोर्ड में भी हमारा बहुमत हो। नगरीय क्षेत्र की विकास यात्रा को भाजपा आगे बढ़ा सके।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन विशेष रुप से उपस्थित रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री महिला मोर्चा संगीता यादव मौर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा दर्शना सिंह, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा गीता शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा विजय बहादुर पाठक उपस्थित रहे।

सियासी मियार की रिपोर्ट