Friday , March 20 2026

इंदौर: वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का निधन, परिवार को दोहरा आघात..

इंदौर: वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का निधन, परिवार को दोहरा आघात..

इंदौर, । देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित और वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वहीं, परिवार को एक और आघात लगा, भोपाल में स्व. विमल छजलानी की पत्नी का गुरुवार को निधन हो गया। वरिष्ठ पत्रकार अभय छजलानी लंबे समय से अस्वस्थ थे। उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनका देहांत हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5:00 बजे पंचकुइया मुक्तिधाम पर किया जाएगा।

अभय छजलानी का जन्म 4 अगस्त 1934 को इंदौर में हुआ और उन्होंने 1955 में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया। 1965 में उन्होंने पत्रकारिता के विश्व प्रमुख संस्थान थॉम्सन फाउंडेशन, कार्डिफ (यूके) से स्नातक की उपाधि ली थी। शहर के कई प्रमुख मुद्दों को उन्होंने प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों से इंदौर शहर को खेलों सहित कई अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। वह स्वयं भी खेलों, खासकर टेबल टेनिस से जुड़े। लंबे समय तक वह मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के अध्यक्ष रहे और फिर आजीवन अध्यक्ष पद पर रहे। छजलानी लंबे समय तक नई दुनिया के प्रधान संपादक रहे और उनके नेतृत्व व मार्गदर्शन में नई दुनिया समूह ने उल्लेखनीय प्रगति की।

छजलानी परिवार को एक और आघात लगा है। स्वर्गीय विमल छजलानी की पत्नी का भी आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को इंदौर ले जाया जा रहा है, जहां आज शाम 5:00 बजे उनका भी अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सियासी मियार की रिपोर्ट