मप्र का संगठन कार्यकर्ताओं और विचार के आधार पर खड़ा हुआ सशक्त संगठन : भूपेन्द्र यादव..

इंदौर, 10 जुलाई। मध्यप्रदेश में भाजपा को खड़ा करने में श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, प्यारेलाल और भगवतशरण माथुर जैसे नेतृत्व ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। मध्यप्रदेश में संगठन क्षमता के धनी इन लोगों ने यह सोचकर संगठन खड़ा नहीं किया था कि पार्टी को केवल सत्ता में लाना है। उनके काम करने के पीछे जो ध्येय था, वह भारत को महान बनाने की विचारधारा का ध्येय था। मध्यप्रदेश का संगठन कार्यकर्ताओं के आधार पर एवं विचार के आधार पर खड़ा हुआ एक सशक्त संगठन है। हम सब मिलकर मध्यप्रदेश में पुनः विजय को प्राप्त करेंगे।
यह बात केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री और मप्र के विधानसभा चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान भाजपा संभागीय कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारी, नगर पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संयोजक की परिचय बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, बृजेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे मंचासीन थे।
बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि इंदौर देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता है, तो इसके पीछे भाजपा के सुशासन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम भारत को आगे ले जाने के मिशन पर काम कर रहे हैं। 2014 में भारत दुनिया की पांच डगमगाती अर्थव्यवस्थाओं में से एक था। आज भारत पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। 2014 में भारत आतंकवाद से ग्रसित था, लेकिन आज प्रधानमंत्री स्पष्टता के साथ संदेश देते हैं कि भारत न आतंकवाद को सहन करेगा और न ही दुनिया में इसे पनपने देगा। नेतृत्व का यह विश्वास और संकल्प मजबूती के साथ खड़ा होता है, तो इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का त्याग और उसके आधार पर सरकार चलाने वाले नेता दोनों के मिलन से होता है। उन्होंने बैठक में इंदौर में आयोजित होने वाली जी-20 बैठकों को सफल बनाने में सहयोग देने की बात कही।
कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक में कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को राष्ट्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। भूपेन्द्र जी में प्रशासनिक कार्यक्षमता के साथ संगठनात्मक कार्यकुशलता भी है। उनको चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास दोगुना हो गया है। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे। प्रदेश में दो तिहाई के बहुमत में पुनः भाजपा सरकार बनेगी।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव उत्तरप्रदेश, झारखण्ड एवं बिहार जैसे कई राज्यों में चुनाव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। कई राज्यों में उनकी संगठनात्मक कुशलता के कारण भाजपा को विजय मिली है। मध्यप्रदेश में भी उनके कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ता जीत का इतिहास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं। 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में भूपेन्द्र यादव के कुशल रणनीति और कार्यकताओं की मेहनत के बल पर ऐतिहासिक बहुमत हासिल करेंगे।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal