रांची : बांध में 8,000 से अधिक मछलियां मृत पायी गई, जांच के आदेश..
रांची, । रांची के एक बांध में 8,000 से अधिक मछलियां मृत पायी गईं, जिसके बाद मत्सय विभाग ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
जिला मत्स्य अधिकारी अरूप कुमार चौधरी ने बताया कि गेतलसूद बांध में मछली पालन के लिये पिंजरेनुमा आकार वाली चार संरचना बनाई गई थीं, जिनमें 500 ग्राम से एक किलोग्राम तक वजन वाली मछलियां मृत पायी गईं। राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने शनिवार शाम घटना की जांच के आदेश दिये।
उन्होंने बताया कि कृषि मंत्री ने विभाग के सचिव को रविवार को मामले की जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। चौधरी ने बताया कि वह और उनकी टीम दिन के वक्त बांध का दौरा करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि मछलियां कैसे मरी।
जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया, ‘मछलियों की मौत के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें ऑक्सीजन की कमी, बीमारी या प्रदूषण जैसी चीजें शामिल हैं। हमें संदेह है कि ऑक्सीजन की कमी या बीमारी इन मछलियों की मौत का कारण हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही सटीक कारणों का पता चलेगा।’
चौधरी ने बताया कि घटना स्थल से सटे महेशपुर इलाके में मछली पालन के लिये पिंजरेनुमा आकार वाली लगभग 300 संरचनाएं हैं और वहां लगभग डेढ़ टन मछली पाली जा रही हैं और वे सभी सुरक्षित हैं।
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal