तुष्टिकरण की राजनीति कर रही ममता : भट्टाचार्य…
अगरतला, 24 मई। त्रिपुरा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला और कहा कि वह वोट हासिल करने के लिए मुसलमानों को ओबीसी प्रमाणपत्र देकर शर्मनाक तरीके से तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं।
श्री भट्टाचार्य ने कलकत्ता उच्च न्यायालय की ओर से 2010 के बाद पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा दिए गए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रमाणपत्रों को अमान्य किये जाने के परिप्रेक्ष्य में यह प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस सरकार का अवैधानिक कृत्य है जिसके कारण कलकत्ता उच्च न्यायालय को 2011 में पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने के बाद इस सरकार की ओर से जारी किये गये करीब पांच लाख ओबीसी प्रमाणपत्रों को रद्द करना पड़ा। उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने सुश्री बनर्जी की विभाजनकारी नीतियों की निंदा की और आरोप लगाया कि उन्होंने चुनावी लाभ के लिए एक समुदाय को खुश करने के लिए 178 समुदायों को ओबीसी के रूप में उनके उचित लाभों से वंचित कर दिया है, जिससे प्रदेश की स्थिति खराब हुई है। इससे पहले भर्ती प्रक्रिया में इसी तरह की भ्रष्टाचार के कारण लगभग 26,000 शिक्षकों की नौकरी चली गई थी क्योंकि पूरी भर्ती प्रक्रिया उच्च न्यायालय ने रद्द कर दी।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पिछले 13 वर्षों में ममता सरकार और तृणमूल कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार आभूषण के समान है। सभी असामाजिक तत्वों ने इस पार्टी में शरण ली है और जबरन वसूली के साथ सिंडिकेट चला रहे हैं। राज्य में कोई प्रशासन नहीं है और वहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी है। उन्होंने कहा “ तृणमूल कांग्रेस नेताओं का अहंकार और अत्याचार स्पष्ट है! पुलिस ने सभी अनुमतियां होने के बावजूद गुरुवार को भाजपा उम्मीदवार देबाश्री चौधरी के समर्थन में हाजरा रोड पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के रोड शो को रोक दिया। यह संविधान और लोकतंत्र का अपमान है। मुझे यकीन है कि बंगाल के लोग अब इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
सियासी मियार की रेपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal