केरल : नौसेना, तटरक्षक बल ने गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अगत्ती से कोच्चि पहुंचाया..

कोच्चि,\। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने खराब मौसम के बीच बृहस्पतिवार को दो शिशुओं समेत गंभीर रूप से बीमार चार मरीजों को संयुक्त अभियान के तहत लक्षद्वीप के अगत्ती द्वीप से उपचार के लिए निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एक सैन्य विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति में बताया गया कि, लक्षद्वीप प्रशासन के आग्रह पर दो शिशुओं और दो वयस्क मरीजों को वहां से निकाला गया।
इसमें कहा गया कि अभियान दक्षिणी नौसेना कमान और तटरक्षक जिला मुख्यालय-4 की ओर से क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण खराब मौसम के बीच चलाया गया।
अगत्ती में बृहस्पतिवार की दोपहर को नौसेना के डोर्नियर विमान और तटरक्षक बल को क्रमश: आईएनएस गरुड़ और सीजी एयर एन्क्लेव से भेजा गया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि अगत्ती में विमान के उतरने के बाद मरीजों को सुरक्षित रूप से विमान में लाया गया और शाम करीब सात बजे उन्हें कोच्चि पहुंचाया गया। इसके बाद मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘चिकित्सा उपचार के लिए किया गया यह कार्य एक बार फिर भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल की किसी भी समय और कहीं भी संकट की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया और मानवीय सहायता के प्रति प्रतिबद्धता और तत्परता को प्रमाणित करता है।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal