Saturday , September 21 2024

केरल के वायनाड में दो स्थानों पर भूस्खलन में 10 की मौत, 30 घायल..

केरल के वायनाड में दो स्थानों पर भूस्खलन में 10 की मौत, 30 घायल..

वायनाड, 30 जुलाई (वेब वार्ता)। केरल के वायनाड जिले में मंगलवार तड़के भारी बारिश के बीच दो जगहों पर बड़े भूस्खलन में दो बच्चों सहित कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि मेप्पाडी पंचायत के वेल्लारीमाला गांव के मुंडकाई और चूरलमाला में भूस्खलन में कई घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। बचावकर्मियों ने बताया कि मुंडकाई और चूरलमाला में मलबे से 10 शव बरामद किए गए हैं और लगभग 30 घायल लोगों को मेप्पाडी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुंडकाई निवासियों ने सुबह छह बजे के आसपास चार शव बरामद किए और शेष सुबह करीब साढ़े आठ बजे चालियार और चूरलमाला से बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि मुंडकाई को चूरलमाला शहर से जोड़ने वाला एक पुल और सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गये, इसलिए भारी बारिश के कारण दुर्घटना स्थल तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण मुंडकाई और अट्टामाला क्षेत्र अलग-थलग पड़ गए हैं और जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भूस्खलन तड़के करीब दो बजे और चार बजे हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मुंडकाई और चूरलमाला इलाकों में रहने वाले करीब 400 परिवार भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। एक बचावकर्मी ने बताया कि मुंडकाई में भूस्खलन के बाद मलप्पुरम में पोथुकल के पास कुनिमाला में चलियार नदी से एक बच्चे का शव बरामद किया गया।
केरल के राजस्व मंत्री के. राजन ने बताया कि उनके नेतृत्व में मंत्रियों की पांच सदस्यीय टीम बचाव अभियान का समन्वय करने के लिए वायनाड जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि वायु सेना के दो हेलिकॉप्टर एमएच 17 और एएलएच हवाई दृश्य लेने और प्रभावित लोगों को हवाई मार्ग से ले जाने के लिए सुलूर से रवाना होंगे। श्री राजन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें जिले में पहुंच गई हैं। बचाव कार्यों के समन्वय के लिए कोझिकोड कलेक्ट्रेट में एक नियंत्रण कक्ष खोला गया है, जिनके नंबर 9656938689 और 8086010833 हैं तथा वायनाड जिला कलेक्टर और राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।
उल्लेखनीय है कि देर शाम राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा वायनाड, कोझीकोड, मालापुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया।

सियासी मियार की रीपोर्ट