Friday , September 20 2024

अमित शाह ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर शुभकामनाएं दीं…

अमित शाह ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर शुभकामनाएं दीं…

नई दिल्ली, 23 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश ने चंद्रमा की सतह पर अपनी ‘‘सभ्यतागत छाप’’ अंकित कर अमिट इतिहास रच दिया है।

भारत पिछले वर्ष 23 अगस्‍त को चांद पर उतरने वाला दुनिया का चौथा देश और इसके दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला पहला देश बना था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 अगस्‍त को राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, मैं राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और उन प्रतिभाशाली लोगों को बधाई देता हूं जिन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान को सफतापूर्वक उतारकर अंतरिक्ष में भारत के प्रभुत्व को साबित किया।’’

गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने चंद्रमा की सतह पर अपनी सभ्यतागत छाप ‘शिवशक्ति’ को अंकित करके अमिट इतिहास रच दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद घोषणा की थी कि जिस स्थान पर लैंडर ‘विक्रम’ उतरा था, उसका नाम ‘शिव शक्ति पॉइंट’ रखा जाएगा।

शाह ने कहा कि यह शानदार उपलब्धि उन युवाओं के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र में असीमित अवसर खोलने के प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण का प्रमाण है, जो असंभव प्रतीत होने वाली चीजों को वास्तविकता में बदलने का साहस रखते हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट