मध्यप्रदेश की घटना शर्मसार करने वाली, भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था अस्तित्वहीन : राहुल..

भोपाल/नई दिल्ली, 12 सितंबर । सेना के फायरिंग रेंज में दो ट्रेनी अफसरों से लूट और उनकी महिला मित्र से रेप के मामले में कार्रवाई जारी है। साथ ही राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में छह आरोपियों की पहचान हो गई है। वह आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने कुछ को हिरासत में भी लिया है। वहीं, अब राहुल गांधी ने इसे लेकर एमपी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने भाजपा शासित राज्य से सवाल किया है कि जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे।
राहुल गांधी ने पूछा सवाल
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है। महिलाओं के खिलाफ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक।
कब तक चुराएंगे आंख
उन्होंने आगे लिखा कि अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है। इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। राहुल गांधी ने कहा कि समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा है। इस पर सरकार गंभीरता से विचार करें। देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे!
अब तक क्या हुआ
गौरतलब है कि मंगलवार की रात सेना दो ट्रेनी अफसर अपनी महिला मित्रों के साथ नाइट ड्राइव पर गए थे। जामगेट की खूबसूरत वादियों में जाकर दोनों बैठे थे, तभी कुछ लोग वहां आ गए। पुलिस के मुताबिक उनलोगों ने उनके साथ लूटपाट की। इसके बाद एक अधिकारी और एक महिला को लेकर वो अपने साथ चले गए। साथ ही कहा कि 10 लाख रुपए लेकर आओ। पुलिस के मुताबिक सभी आसपास के गांवों के हैं। आर्मी के ट्रेनी अफसरों को आशंका है कि उसके महिला मित्र के साथ आरोपियों ने गलत किया है।
आर्मी के ट्रेनी अफसरों की शिकायत के बाद पुलिस ने डकैती, रेप और हत्या की कोशिश के आरोप में केस दर्ज किया है। रेप को लेकर पीड़ित महिलाओं का बयान अभी नहीं हुआ है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। घटना सामने आने के बाद से लगातार इलाके में छापेमारी जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal