केरल: नीलांबुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने मोहन जॉर्ज को उम्मीदवार बनाया…

तिरुवनंतपुरम, 02 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरल में नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मोहन जॉर्ज को रविवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दिल्ली में यह घोषणा की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सहयोगी केरल कांग्रेस की प्रदेश समिति के सदस्य मोहन जॉर्ज रविवार को भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होंगे।
जॉर्ज नीलांबुर अदालत में वकालत करते हैं और प्रदेश कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने नीलांबुर में संवाददाताओं से कहा कि वह उपचुनाव में कड़ी टक्कर देंगे।
भाजपा शुरू में उपचुनाव लड़ने से हिचकिचा रही थी और उसने यह सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अपनी सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) के लिए छोड़ दी थी।
चूंकि बीडीजेएस भी चुनाव लड़ने से कतरा रही थी तो भाजपा ने मोहन जॉर्ज से संपर्क किया और उन्हें उम्मीदवार बनाने का फैसला किया।
यह उपचुनाव 19 जून को होगा। इसमें मुख्य मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिवालय सदस्य एम स्वराज और कांग्रेस उम्मीदवार आर्यदान शौकत के बीच है। पी वी अनवर के विधायक पद छोड़ने के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal