दतिया के छात्र की पार्थिव देह रूस से भारत लाने हेतु की जा रही कार्यवाही : यादव..

भोपाल, 24 जून। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के एमबीबीएस छात्र की रूस में मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने छात्र के निधन पर दुख जताया हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। वहीं सीएम ने अधिकारियों को छात्र का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने के निर्देश जारी किए हैं। दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे का रहने वाला भरत बघेल (31) की रूस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह रूस के आर्कान्जेस्क शहर स्थित नॉर्दर्न स्टेट मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह छत से नीचे गिर गया था। भरत बघेल ने इस साल एमबीबीएस फाइनल ईयर की परीक्षा दी थी। 20 जून को भरत ने आखिरी पेपर दिया और 28 जून को रिजल्ट आने वाला था। भरत बघेल 2 जुलाई को रूस से वापस भारत आने वाले था, लेकिन इससे पहले उसकी मौत की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है। परिजन सदमे में है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भरत के निधन पर दुख जताया हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- दतिया, इंदरगढ़ निवासी डॉ. एम.एस बघेल जी के पुत्र भरत बघेल का रूस में निधन होने का समाचार अत्यंत दुखद है। सीएम ने ईश्वर से दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने का संबल देने की प्रार्थना भी की है। उन्होंने कहा कि भरत वहां अध्ययन के लिए गए थे। उनका पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए मैंने अधिकारियों को अपेक्षित कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। प्रदेश के अधिकारी भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal