Sunday , November 23 2025

एशिया कप: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया..

एशिया कप: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया..

राजगीर, 06 सितंबर । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को मलेशिया के खिलाफ सुपर 4 चरण के अपने दूसरे मुकाबले में 4-1 से जीत हासिल की। भारत के लिए मनप्रीत सिंह, सुखजीत, शिलानंद और विवेक सागर ने गोल किए, जबकि मैच का पहला गोल मलेशिया के शफीक हसन ने दागा। इससे पहले कोरिया के के खिलाफ मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। इस जीत के साथ भारत पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारत के सुपर-4 चरण में चार अंक हो गए हैं।

राजगीर में मलेशिया ने शफीक हसन के (दूसरे मिनट) में किए गोल से बढ़त हासिल की। इसके बाद, मलेशिया ने गेंद पर कब्जा जमाया और मेजबान टीम पर दबाव बनाए रखा। पहले क्वार्टर के मध्य में, दिलप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और उनकी टीम के साथ भारत ने आक्रामक रुख़ अपनाया, लेकिन मलेशिया ने अपनी पकड़ बनाए रखी। पहले क्वार्टर के बाद मलेशिया 1-0 से आगे था।

भारत ने की वापसी
दूसरे क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में, भारत को लगातार पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से चार नाकाम रहे। पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह का शॉट बचा लिया गया, इसके बाद भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह (17वें मिनट) गोलकर स्कोर 1-1 कर दिया। कुछ मिनट बाद सुखजीत सिंह (19वें मिनट) ने मेजबान टीम के लिए स्कोर 2-1 कर दिया। आधे घंटे का समय बीतने के साथ, दिलप्रीत सिंह ने मैदान के बीचों-बीच गेंद उठाई और शिलानंद लाकड़ा (24वें मिनट) में गोलकीपर को छकाते हुए स्कोर 3-1 कर दिया।

मलेशिया ने पहले हाफ के आखिरी क्षणों में आक्रमण किया, लेकिन भारत के रक्षापंक्ति ने उन्हें रोके रखा और हाफ-टाइम तक 3-1 की बढ़त के साथ खेल रहा था। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में, मलेशिया को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला और वह अंतर कम करने की उम्मीद कर रहा था। हालाँकि, कृष्ण बहादुर पाठक ने इसे शानदार तरीके से बचाकर भारत की बढ़त बनाए रखी। मेज़बान टीम अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश कर रही थी और लगातार आक्रमण कर रही थी। क्वार्टर के बीच में मनप्रीत ने विवेक सागर प्रसाद (38वें मिनट) गोलकर स्कोर 4-1 कर दिया।

इसके बाद मुकाबले पर पूरी तरह से नियंत्रण बनाए रखते हुए, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चौथे क्वार्टर के शुरुआती मुकाबलों में गेंद पर कब्ज़ा बनाए रखा। हार मानने को तैयार नहीं, मलेशियाई टीम लगातार हमले करती रही, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में भारतीय रक्षापंक्ति ने विरोधियों के लिए दरवाजे बंद कर दिए। अंततः भारत ने उस रात 4-1 से आसान जीत हासिल की। भारतीय टीम अगले मैच में शनिवार को चीन से भिड़ेगी। एशिया कप बेल्जियम और नीदरलैंड में 14 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप में सीधे जगह बनाने का मौका है ।

सियासी मियार की रीपोर्ट