Sunday , November 23 2025

दिल्ली बीजेपी के संस्थापक विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख..

दिल्ली बीजेपी के संस्थापक विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख..

नई दिल्ली, । भाजपा के सीनियर नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 साल की उम्र में मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष थे। वह दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं और राजधानी में पार्टी का एक प्रमुख चेहरा थे। दिल्ली भाजपा ने एक बयान जारी कर यह जानकारी देते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय कुमार मल्होत्रा के साथ वाली एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए उनके निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि वह जमीन से जुड़े नेता थे।

बता दें कि, मल्होत्रा के निधन से एक दिन पहले ही दिल्ली भाजपा को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर एक स्थायी दफ्तर मिला था, जिसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

एम्स दिल्ली के मीडिया सेल की हेड डॉक्टर (प्रोफेसर) रीमा दादा की ओर से मंगलवार सुबह एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह एम्स में भर्ती थे। आज सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।

दिल्ली भाजपा ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सुबह लगभग 8:45 बजे उनके आधिकारिक आवास 21, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड लाया जाएगा जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

पीएम मोदी से अमित शाह तक किसने क्या लिखा

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक फोटो शेयर कर लिखा, ”जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति!”

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ”जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और भाजपा तक संगठन को आकार और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। दिल्ली भाजपा में अध्यक्ष हों, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष या एक जन प्रतिनिधि, विजय कुमार मल्होत्रा जी ने हर भूमिका में देश और दिल्लीवासियों की सेवा की। उनसे हुई प्रत्येक भेंट में संगठन संबंधी कई बारीक बातें जानने को मिलीं। शोक की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति।”

दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति”

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा, ”भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया। उनका जाना भाजपा परिवार और सामाजिक जीवन, दोनों के लिए ही एक गहरी शून्यता छोड़ गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ”भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. वी.के. मल्होत्रा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने जनसंघ काल से ही दिल्ली में संगठन और विचारधारा के विस्तार के लिए अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन सादगी, निष्ठा और जनसेवा की मिसाल रहा। हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए उनका मार्गदर्शन और तपस्या सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।”

सियासी मियार की रीपोर्ट