Sunday , November 23 2025

सितंबर में चांदी ने सोने को पीछे छोड़ा, 19.4 फीसदी की जोरदार तेजी

सितंबर में चांदी ने सोने को पीछे छोड़ा, 19.4 फीसदी की जोरदार तेजी

मुंबई, 04 अक्टूबर । सितंबर महीने में चांदी ने निवेशकों को खुश करते हुए 19.4 प्रतिशत की तेजी दिखाई है, जो कि सोने की 13.56 प्रतिशत की वृद्धि से कहीं अधिक है। महीने की शुरुआत में चांदी की कीमत 1,26,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो 30 सितंबर को बढ़कर 1,50,500 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। यह पिछले कई वर्षों में चांदी की सबसे तेज मासिक बढ़ोतरी मानी जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को चांदी 1,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई, जबकि मंगलवार को यह अपने उच्चतम स्तर 1,50,500 रुपए पर पहुंची। हालांकि चांदी ने बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन सोने की कीमतों में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। एक सितंबर को सोने की कीमत 1,05,670 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो महीने के अंत तक बढ़कर 1,20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। यह 13.56 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है, जो निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत है। चांदी की इस तेजी के पीछे मजबूत औद्योगिक मांग और वैश्विक आपूर्ति में कमी प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि चांदी का औद्योगिक उपयोग कुल मांग का लगभग 60-70 प्रतिशत है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सौर पैनल और इलेक्ट्रिक वाहनों में चांदी की बढ़ती मांग ने कीमतों को ऊपर धकेला है। 2024 में केवल सौर पैनल के लिए 23.2 करोड़ औंस चांदी की जरूरत होगी। एक जिंस बाजार विशेषज्ञ ने बताया कि लगातार सात वर्षों से बाजार आपूर्ति की कमी का सामना कर रहा है, जो कीमतों में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि चांदी की दोहरी भूमिका निवेश और औद्योगिक धातु ने इसे सोने से बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की है।

सियासी मियार की रीपोर्ट