लोकसभा में उठा पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा, कांग्रेस बोली-केंद्र और राज्य सरकार इस पर मूक दर्शक बनी हुई है…

नई दिल्ली, 11 दिसंबर । कांग्रेस ने लोकसभा में गुरुवार को पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और राज्य इस पर मूक दर्शक बनी हुई है।
कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने शून्यकाल के दौरान कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी बदहाल है। राज्य के लोग काफी डरे सहमे हुए हैं। पूरा पंजाब डरा हुआ है। हर व्यक्ति को जेलों या विदेशों से फोन आ रहे हैं और फिरौती मांगी जा रही है और फिरौती न देने की सूरत में हर रोज एक न एक हत्या कर दी जाती है।
उन्होंने कहा कि हाल ही लुधियाना में एक शादी के समारोह में गैंगवार हुआ दोनों तरफ से गोलियां चली। शादी में आये लोगों ने टेबल के नीचे घुसकर जान बचाने का काम किया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अकाली दल ने तो एक गैंगस्टर को टिकट दे दिया है। अब गैंगस्टर वोट के लिए फोन करके सरपंचों को धमकाते हैं। पंजाब जल रहा है और केंद्र और राज्य सरकार मूक दर्शक बनकर देख रही है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से पंजाब बचाने का आग्रह किया।
कांग्रेस की कुमारी सैलजा ने सिरसा में सड़कों की खस्ता हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे किये हैं लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-हिसार राजमार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं जिससे आये दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सभी राज मार्गों की तकनीकी जांच कराने की मांग की।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal