कोरबा के दर्री रोड पर खड़ी कार में आगजनी, तीन युवकों की करतूत सीसीटीवी में कैद, दो आरोपी हिरासत में…

छत्तीसगढ़ में कोरबा शहर के दर्री रोड पर मंगलवार देर रात अज्ञात युवकों ने एक व्यापारी की खड़ी कार में आग लगा दी। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन युवक करीब 10 मिनट तक कार के आसपास मंडराते रहे। इस दौरान सड़क से आम लोगों की आवाजाही भी जारी थी। इसी बीच एक युवक कहीं से पेट्रोल लेकर आया और कार पर छिड़क दिया, जबकि दूसरे युवक ने माचिस से आग लगाई। इसके बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। कार में आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार मालिक को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई। हालांकि इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal