जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में संदिग्ध आतंकवादी देखे गए, सुरक्षा बलों ने शुरू किया बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान

उधमपुर, 22 दिसंबर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में माजलता के जंगल वाले इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों को देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की एक संयुक्त टीम माजलता के चोर मोटू गांव और आसपास के जंगल वाले इलाकों में तलाशी ले रही है। यह अभियान विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दो अज्ञात आतंकवादी कथित तौर पर रविवार शाम करीब 6.30 बजे चोर मोटू गांव में एक स्थानीय निवासी मंगतू राम के घर गए और खाना खाने के बाद जंगल की ओर भाग गए। इस बीच, जम्मू -कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने किसी भी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा के पास पहाड़ी इलाकों तक कई सेक्टरों में संयुक्त अभियान तेज कर दिए हैं। यह तलाशी अभियान संभावित घुसपैठ की कोशिश करने वालों को संकेत देने वाली एक कवायद का हिस्सा है। गौरतलब है कि जम्मू, सांबा, कठुआ और राजौरी जिलों के सामने सीमा पार लॉन्च पैड पर आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी की खबरें हैं।
सियासी मियर की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal