साइकिल चला रहे नाबालिग भाइयों को कार ने मारी टक्कर -8 साल के बड़े भाई की मौत, छोटे का इलाज जारी..

भोपाल, 27 दिसंबर । देहात इलाके के बाग सेवनियां थाना क्षेत्र में स्थित 2 सी-साकेत नगर में तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल चला रहे दो सगे मासूम भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयो को आरोपी कार चालक ने लोगो की मदद से इलाज के लिए एम्स पहुंचाया। जहां शुरुआती चेकअप के बाद डॉक्टर ने 8 साल के बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मूलरूप से ग्राम तोड़ा तिरपदार थाना जेसी नगर जिला सागर निवासी रामविशाल बंसल (32) यहां 2 सी-साकेत नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं, और मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। बुधवार सुबह वह अपने काम पर चले गए थे। घर में पत्नी व बच्चे मौजूद थे। शाम करीब छह बजे मकान मालिक मनीष ने रामविशाल को फोन कर बताया कि उसके बच्चों शिवम बंसल व विकास बंसल का 2 सी-साकेत नगर स्थित पंडित भीमसेन जोशी मल्टी के आगे कार से एक्सीडेंट हो गया है। दोनों घायल बच्चों को एम्स रवाना किया गया है। सूचना मिलते ही रामविलाश अस्पताल पहुंचे। वहां पता चला कि कार क्रमांक एमपी 04 जेडएल 8228 के चालक तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दोनों बच्चों को उस समय चपेट में ले लिया जब साइकिल चला रहे थे। उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने चेक करने के बाद शिवम बंसल (8) को मृत घोषित कर दिया जबकि उससे छोटे विकास बंसल को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि कार चालक अपूर्व कुमार सिंह दोनों बच्चों को अपनी कार से एम्स लेकर पहुंचा था। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal