भारत में टी20 विश्व कप 2026 के मैच नहीं खेलना चाहता बांग्लादेश, आईसीसी से करेगा अनुरोध

भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक संबंध तेजी से बदल रहे हैं जिसका सबसे ज्यादा असर क्रिकेट पर पड़ता दिख रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के बाद भारत में आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खिलाने को लेकर बढ़ते दबाव के बाद बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने रविवार को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया था। रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत नहीं भेजने पर विचार कर रहा है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की एक इमरजेंसी बैठक के बाद मीडिया कमेटी के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने कहा कि कोलकाता में टी20 विश्व कप के हमारे तीन मैच हैं, रहमान को लेकर जो कुछ हुआ, उसके बारे में हम आईसीसी को लिखेंगे।
खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा, भारत में टीम की सुरक्षा पर संदेह है। नजरुल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा, “मैंने बीसीबी से आईसीसी को पूरा मामला समझाने को कहा है। बोर्ड को बताना चाहिए कि जहां एक बांग्लादेशी क्रिकेटर अनुबंध होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, वहीं पूरी बांग्लादेशी क्रिकेट टीम विश्व कप में खेलने के लिए सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। मैंने बोर्ड को यह भी कहा है कि वह बांग्लादेश के विश्व कप मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध करे।” उन्होंने कहा कि देश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय से बांग्लादेश में आईपीएल दिखाना बंद करने का अनुरोध किया है।
आईपीएल 2026 की नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ में खरीदा था। बीसीसीआई के निर्देश के बाद टीम ने शनिवार को रहमान को रिलीज कर दिया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को 2026 के लिए अपने घरेलू कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसमें भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज भी शामिल है। यह सीरीज 2025 से आगे बढ़ा दी गई थी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal