Tuesday , March 17 2026

इस तरह पाएं इंटर्नशिप के दौरान ही नौकरी

इस तरह पाएं इंटर्नशिप के दौरान ही नौकरी

पढ़ाई पूरी करने के आखिरी पड़ाव में अकसर सभी अपनी पसंद की कंपनी में इंटर्नशिप करना चाहते हैं, क्योंकि इंटर्नशिप के दौरान अकसर कंपनियां उम्मीदवारों को अपने यहां स्थायी नौकरी में रख लेती हैं। इसलिए यह करियर की बेहतरीन शुरुआत का मंच साबित हो सकता है। हालांकि इंटर्नशिप से नौकरी पाना इतना आसान नहीं है, पर यह नियोक्ता के समक्ष अपने कौशल के नए आयामों को दिखाने का मंच हो सकता है। एचआर विशेषज्ञ निहारिका श्रीवास्तव मानती हैं कि इंटर्नशिप करने के साथ कंपनी में नौकरी मिल जाने का आधार सिर्फ आपकी कार्यक्षमता हो सकती है। मगर कार्य में माहिर होने के अलावा दफ्तर की कार्य-संस्कृति से जुड़े मामलों में भी खुद को खरा उतारने की लगातार कोशिश करनी होती है।

अपनी कार्यक्षमता करें जाहिर
उम्मीदवार अपनी कार्यकुशलता के साथ अपनी छवि कैसे पेश करता है, यह भी इंटर्नशिप करने के बाद नौकरी मिलने की गारंटी माना जा सकता है। दरअसल, आपको अपने हुनर को कंपनी के एचआर के सामने लाना होगा। मगर ज्यादातर इंटर्न का एचआर से सीधा सामना नहीं हो पाता है। इसलिए जरूरी है कि जिस भी मैनेजर के साथ आप काम कर रहे हैं, उसको आपके हुनर और खूबियों की झलक मिलती रहे।

सीखना ही काफी नहीं
आप भले ही कंपनी में इंटर्नशिप करने आए हों, पर याद रखें, यहां आप सिर्फ काम सीखने नहीं आए हैं। दिए गए काम को पूरी जिम्मेदारी से करें। अपनी समझ के हिसाब से काम में अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करें। यकीन मानिए, काम को जिम्मेदारी से पूरा करने की आपकी चाह कंपनी के अधिकारियों को जरूर दिखेगी। पर वहीं, आप सिर्फ सीखने के नजरिए से काम करेंगे तो काम में योगदान नहीं दे पाएंगे। खुद आगे बढ़ कर नए से नए काम की जिम्मेदारी लेना नियोक्ता की नजर में आपको बेहतरीन उम्मीदवार बनाएगा।

वक्त के हिसाब से हो काम
समय का पाबंद होना नौकरी के दौरान भी काफी काम आता है। इंटर्नशिप के दौरान अनुशासन जरूरी होता है। दरअसल नियोक्ता उसी उम्मीदवार से काम समय से पूरा करने की अपेक्षा कर सकता है, जो काम समय पर शुरू करे। काम समय पर शुरू करने के लिए जरूरी है कि समय पर दफ्तर पहुंचा जाए।

खुद को परखें
समझें कि इंटर्नशिप करने के दौरान आपकी कार्यशैली और हुनर का फायदा कंपनी को होता दिख रहा है या नहीं। अपने काम को लेकर दूसरों की राय जानें। अनुभवी पेशेवरों से अपने कार्य के बारे में जानें। इससे आप खुद में सुधार कर काम को और निखारेंगे। इससे नियोक्ता कंपनी काम को लेकर आपकी उत्सुकता से वाकिफ होगी। इससे काम करने के कुछ और मौके मिलेंगे।

बुनियादी बातें
-काम हमेशा समय पर पूरा करें।
-कंपनी के नियम कायदे पूरी तरह से मानें।
-अपने क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरों की जानकारी रखें।
-जिस भी कंपनी में इंटर्नशिप चल रही है, उसकी पूरी जानकारी हो। बाजार में कंपनी की छवि और खासियतों के बारे में जानें। नियोक्ता कंपनी की प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के बारे में पता हो।
-कंपनी के लिए आप क्या खास कर सकते हैं, यह नियोक्ता को जरूर बताएं।

सियासी मियार की रीपोर्ट