Wednesday , February 18 2026

नहीं थम रहा प्रतिबंधित कफ सिरप बेचने का काम, छत्तीसगढ़ पुलिस ने पकड़ीं 640 शीशियां, तस्कर गिरफ्तार

नहीं थम रहा प्रतिबंधित कफ सिरप बेचने का काम, छत्तीसगढ़ पुलिस ने पकड़ीं 640 शीशियां, तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन में एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी निवासी आरोपी मोहित कुमार गुप्ता (35) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वह पड़ोसी राज्य ओडिसा से कफ सिरप को लाकर छत्तीसगढ़ में बेचना चाहता था।

एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मोहित गुप्ता लंबे समय से प्रतिबंधित नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार में शामिल है। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने चौकी कोतबा पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी कर दी। 21 जनवरी की शाम को आरोपी ग्राम फरसाटोली की ओर से एक बिना नंबर की होंडा सिटी मोटरसाइकिल पर सवार दिखाई दिया। मोटरसाइकिल की सीट के पीछे दो बोरियां बंधी हुई थीं। पुलिस ने उसे घेरकर रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी में बोरियों से दो कार्टून मिले, जिनमें 100 एमएल की 320 शीशियां प्रतिबंधित ‘विस्कोरेक्स कोडीन फॉस्फेट’ कफ सिरप की थीं।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसके इशारे पर नजदीक के जंगल में छुपाए गए दो और कार्टून बरामद किए गए। इनमें भी 320 शीशियां मिलीं। इस तरह कुल 640 शीशियां यानी 64 हजार मिलीलीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

आरोपी के पास कफ सिरप से जुड़ा कोई कानूनी दस्तावेज नहीं था। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह सिरप ओडिशा से खरीदकर जशपुर में बेचने के इरादे से लाया था। पुलिस ने नार्कोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मादक पदार्थ मुक्ति अभियान के तहत जशपुर पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। इस सफल ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन आघात’ का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट