भारत ने 7 विकेट से जीता पहला मुकाबला

आज से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में शुरू हुई ऐतिहासिक पांच मैचों की भारत बनाम इंग्लैंड मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट से पराजित किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के कप्तान कैलम फ्लिन ने 16 गेंदों में 26 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, जबकि लियान ओ ब्रायन ने 41 गेंदों में 55 रनों की संयमित पारी खेलते हुए टीम को संभाला। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज एंगस ग्रांट ब्राउन ने अंतिम ओवरों में उपयोगी योगदान देते हुए 34 गेंदों में 53 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड 170 रन के पार पहुंचने में सफल रहा। भारत की ओर से गेंदबाज़ों आकाश सिंह और विवेक कुमार ने महत्वपूर्ण विकेट झटकते हुए इंग्लैंड को बड़ी साझेदारियां बनाने से रोका और लक्ष्य को काबू में रखा।
जवाब में भारत संयमित बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के नायक विकेटकीपर बल्लेबाज योगेंद्र भडोरिया रहे, उन्होंने 59 गेंदों में शानदार 94 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल थे, जिसने रनचेज को मजबूती और गति प्रदान की।
योगेंद्र भडोरिया को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। योगेंद्र को आकाश सिंह का भरपूर साथ मिला, जिन्होंने मात्र 15 गेंदों में तेजतर्रार 36 रन बनाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाज़ों पर दबाव बनाया। अर्जुन गावरे ने 13 रन जोड़े, जबकि माजिद (12 नाबाद) और कप्तान रविंद्र सांते (11 नाबाद) ने बिना किसी और नुकसान के भारत को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह श्रृंखला शारीरिक, श्रवण और बौद्धिक दिव्यांग खिलाड़ियों को एक साथ एक अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में लाकर समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेली जा रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal