धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार

पटना, 07 फरवरी । तीन दशक पुराने धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि श्री यादव को राजधानी पटना में उनके मंदिरी स्थित आवास से धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद श्री यादव को मेडिकल जांच के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि पप्पू यादव ने वर्ष 1995 में पटना के गर्दनीबाग इलाके में अपनी पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए मालिक को धोखे में रखकर एक घर किराए पर लिया था । शैलेंद्र प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने अपने नाम पर एक घर किराए पर लिया था, लेकिन बाद में मालिक को पता चला कि पप्पू यादव इसका इस्तेमाल पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए कर रहे हैं। जब सांसद श्री यादव ने मकान मालिक के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद घर खाली करने से इंकार कर दिया, तो पप्पू यादव, शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया। सूत्रों ने बताया कि एमपी-एमएलए अदालत द्वारा जारी वारंट के आधार पर पप्पू यादव को शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार किया गया है।उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच, सांसद पप्पू यादव ने कहा कि जनता के हित के मुद्दे उठाने से सरकार असहज हो गई है, इसलिए उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal