Thursday , March 5 2026

हमें समझ नहीं आ रहा था कि कहां गेंदबाजी करें: इंग्लिश कप्तान थॉमस रेव

हमें समझ नहीं आ रहा था कि कहां गेंदबाजी करें: इंग्लिश कप्तान थॉमस रेव

इंग्लैंड को भारत के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 के खिताबी मुकाबले में 100 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए बताया कि जब वह क्रीज पर थे, तो उनकी टीम को समझ नहीं आ रहा था कि कहां गेंदबाजी करें।

मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में कहा, “जब कोई खिलाड़ी उस तरह फॉर्म में आ जाता है, तो मुकाबला हमेशा मुश्किल हो जाता है। उन्होंने पहले भी हमें दिखाया है कि वह क्या कर सकते हैं। ईमानदारी से कहूं तो हम थोड़े हैरान रह गए थे। अच्छी पिच पर जब सूर्यवंशी चल पड़े, तो हमें समझ नहीं आ रहा था कि कहां गेंदबाजी करें।”

इंग्लैंड के कप्तान ने अपनी योजनाओं के बारे में बताया, “हमने अपनी तैयारी की थी। योजना यही थी कि रिंग में फील्डर रखें, ज्यादा से ज्यादा समय तक स्टंप्स पर गेंद डालें और अपनी वैरिएशन का इस्तेमाल करें। यही तरीका पहले भारत के खिलाफ हमारे लिए कारगर रहा है, लेकिन आज वैभव का दिन था, उन्हें पूरा श्रेय जाता है।”

थॉमस रेव ने अपने बल्लेबाजों की तारीफ में कहा, “हमारे बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा प्रयास किया। कैलेब ने शानदार पारी खेली और डॉकिन्स ने भी कुछ रन बनाए। हम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन हमने अच्छा समय बिताया।”

शुक्रवार को भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनते हुए वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए। वैभव 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 175 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा, कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन जोड़े।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन की पारी खेली, जबकि बेन डॉकिंस ने 66 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

सियासी मियार की रीपोर्ट