झारखंड: खूंटी में नदी किनारे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

खूंटी. 12 फरवरी । झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडमा गांव में फुलकू नदी किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने नदी तट पर शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही तोरपा थाना प्रभारी मुकेश यादव एवं एसआई रोशन खाखा सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर शव को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच शुरू की। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों से प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या की गई है। संदेह है कि युवती के दुपट्टे से ही गला घोंटकर उसे मारा गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। खबर लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal