बेंगलुरु के पास हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार, बाइक और कैंटर की जोरदार भिड़ंत में 7 लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में छात्र भी शामिल

बेंगलुरु, 13 फरवरी । कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में होसकोटे-दबासपेट नेशनल हाईवे (NH-648) पर आज तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एम. सत्यवारा गांव के पास तेज रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। पुलिस के अनुसार, होसकोटे से देवनहल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार XUV-700 कार ने पहले आगे चल रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे एक कैंटर ट्रक से जा भिड़ी। इस अफरा-तफरी में एक अन्य कार भी हादसे की चपेट में आ गई।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि XUV कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए। इस हादसे में कार में सवार 6 लोगों और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कुछ छात्र भी बताए जा रहे हैं, जो बेंगलुरु के कोथनूर इलाके के निवासी थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँचा और हाइड्रोलिक कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
शुरुआती जांच में पुलिस ने हादसे का मुख्य कारण वाहनों की अत्यधिक रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) को बताया है। आईजीपी (सेंट्रल) लाभू राम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बहाल किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए होसकोटे सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal