भाजपा ने कानपुर को ‘बदनामपुर’ बना दिया : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने कानपुर को बर्बाद कर दिया और कभी फलते-फूलते औद्योगिक केंद्र को ‘बदनामपुर’ बना दिया।
यादव ने यहां सिविल लाइंस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने कानपुर को ‘बदनामपुर’ बना दिया है। शहर का नाम आज कार पलटने, पुलिस-वकील के झगड़े और फर्जी मुठभेड़ों की वजह से सुर्खियों में है।”
उन्होंने कहा कि कानपुर शहर जो कभी अपनी कपड़ा मिलों और अन्य चीजों के निर्माण के केंद्र के लिए मशहूर था, वह अब सड़क हादसों, झगड़ों और प्रशासनिक कमियों से जुड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक लाल इमली कपड़ा मिल के बंद होने और गंगा में सीवर का पानी जाने के मुद्दे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कानपुर की विरासत को कमजोर किया गया है।
यादव ने सपा के सत्ता में वापस आने पर बदलाव का वादा करते हुए कहा कि उनकी सरकार कानपुर में लखनऊ से भी बेहतर रिवरफ्रंट बनाएगी, लाल इमली मिल को फिर से चालू करेगी और बड़े औद्योगिक निवेश के लिए बेहतर माहौल बनाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें बोलने भी नहीं दिया जा रहा है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘योगी’ होने के दावों पर सवाल उठाया और कहा कि एक सच्चा योगी गुस्से या ताकत से काम नहीं लेता।
यादव ने कहा, “एक योगी हिंसा को बढ़ावा नहीं दे सकता या कुर्सी से चिपका नहीं रह सकता।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal