अर्धशतकीय पारी के साथ सोहैब खान ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास
सोहैब खान ने कनाडा के खिलाफ 29 गेंदों में 51 रन की पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया है। सोहैब नंबर 6 या उससे निचले क्रम पर आकर टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सोहैब ने इस पारी में 4 छक्के और इतने ही चौके लगाए। जीत के लिए 151 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 16 ओवरों में 4 विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी थी, लेकिन यहां से सोहैब ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को महज 19.4 ओवरों में जीत दिला दी।
सोहैब टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के लिए नंबर 6 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले, साल 2016 में मोहम्मद नबी ने अफगानिस्तान की तरफ से खेलते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 52 रन बनाए थे, जबकि साल 2022 में नामीबिया के डेविड वीज यूएई के विरुद्ध 55 रन की पारी खेल चुके थे।
इस पारी के दौरान सोहैब ने आर्यांश शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की। यह एसोसिएट टीमों की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में 5वें विकेट या उससे निचले क्रम पर तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी है।
इस लिस्ट में मोहम्मद नबी और समीउल्लाह शिनवारी की अफगान जोड़ी शीर्ष पर है, जिन्होंने साल 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नागपुर में 98 रन की साझेदारी की थी। वहीं, यूएसए की ओर से एंड्रीज गौस और हरमीत सिंह की जोड़ी ने साल 2024 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 91 रन की साझेदारी की थी।
शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-डी के इस मुकाबले में कनाडा ने 7 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इस टीम के लिए हर्ष ठाकर ने 50 रन की पारी खेली, जबकि नवनीत धालीवाल ने 34 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से जुनैद सिद्दीकी ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में यूएई की टीम ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस पारी में आर्यांश शर्मा ने 53 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन की पारी खेली, जबकि सोहैब खान ने 51 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal