मोहन बागान ने जीत से किया आगाज, केरल ब्लास्टर्स पर 2-0 से हराया

कोलकाता, 15 फरवरी। डिफेंडिंग चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के नए सत्र में विजयी शुरुआत करते हुए केरला ब्लास्टर्स एफसी को 2-0 से पराजित किया। आईएसएल के इस मुकाबले का आयोजन कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रिडांगन में हुआ, जहां घरेलू टीम ने ज्यादातर समय खेल पर नियंत्रण बनाए रखा।
पहले हाफ में मोहन बागान ने आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी रक्षा पंक्ति को दबाव में रखा। इसका फायदा उन्हें 36वें मिनट में मिला, जब स्ट्राइकर जेमी मेकलारेन ने मौका भुनाते हुए टीम को बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में केरल ने वापसी की कोशिश की और विंग से कुछ तेज हमले भी किए, लेकिन उन्हें बराबरी का गोल नहीं मिला। मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने सतर्क प्रदर्शन करते हुए बढ़त कायम रखी।
मैच के अंतिम क्षणों में मोहन बागान ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। इंजरी टाइम में डिफेंडर टॉम एलड्रेड ने सेट-पीस पर सटीक हेडर लगाकर जीत पक्की कर दी। इस मौके की शुरुआत मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा की सटीक गेंद से हुई।
कोच सर्जियो लोबेरा के नेतृत्व में मोहन बागान संतुलित और आत्मविश्वासी नजर आई, जबकि केरल की युवा टीम, जिसे डेविड कैटला
मार्गदर्शन दे रहे हैं, ने संघर्ष तो किया लेकिन निर्णायक मौके नहीं बना सकी।
इस जीत के साथ मोहन बागान ने सीजन के शुरुआती मुकाबले से ही खिताब बचाने के अपने इरादे जता दिए हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal