दासुन शनाका ने 25 मीटर उल्टा दौड़कर लपका टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे हैरतअंगेज कैच, दूसरे खिलाड़ी के ऊपर से जंप लगाकर किया नामुमकिन को मुमकिन

कोलंबो, 20 फरवरी। श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में दासुन शनाका ने एक ऐसा कैच लपका है, जिसे टूर्नामेंट का अब तक का सर्वश्रेष्ठ कैच माना जा रहा है। 19वें ओवर में जब जिम्बाब्वे के ताशिंगा मुसेकिवा ने हवा में जोरदार शॉट खेला, तो गेंद बाउंड्री की ओर तेजी से जा रही थी। मिड-ऑफ पर तैनात शनाका ने करीब 25 मीटर तक उल्टी दिशा में दौड़ लगाई और दूसरे फील्डर से टकराने से बचते हुए अविश्वसनीय डाइव लगाकर गेंद को लपक लिया। इस कैच को देखकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक और कमेंटेटर्स भी दंग रह गए।
शनाका के इस अद्भुत कैच और एक ही ओवर में दो विकेट गिरने से लगा कि मैच श्रीलंका की झोली में वापस आ गया है। जिम्बाब्वे को अंतिम 12 गेंदों में 13 रनों की दरकार थी और सिकंदर रजा के आउट होने के बाद दबाव चरम पर था। हालांकि, श्रीलंका की किस्मत खराब रही और शनाका की यह शानदार फील्डिंग भी टीम की हार नहीं टाल सकी। अंतिम ओवर में जिम्बाब्वे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जीत के लिए जरूरी 8 रन आसानी से बना लिए और श्रीलंका के अरमानों पर पानी फेर दिया।
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने शुरुआत से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी थी। ब्रायन बेनेट की 60 रनों की शानदार पारी और सिकंदर रजा के तेजतर्रार 45 रनों की बदौलत जिम्बाब्वे ने श्रीलंका के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। ब्रायन बेनेट और मरुमानी की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में ही 55 रन ठोककर बड़े उलटफेर की नींव रख दी थी। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है, जबकि शनाका का वह ‘सुपरमैन’ कैच सोशल मीडिया पर टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal