Friday , February 20 2026

कहीं बारिश तो कहीं 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने 7 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

कहीं बारिश तो कहीं 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने 7 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

बंगाल, 20 फरवरी IMD ने बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल से तमिलनाडु तक मौसम बिगड़ने की चेतावनी।

ठंड लगभग विदा हो चुकी है और लोग अब गर्मी का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन गर्मी आने से पहले मौसम एक नए खतरे का संकेत दे रहा है। बंगाल की खाड़ी में बनी हलचल ने मौसम का संतुलन बदल दिया है। अचानक बदले हालात ने कई राज्यों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं तेज बारिश का अलर्ट है तो कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान जताया गया है। बिजली गिरने और समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने स्पष्ट किया है कि अगले कुछ दिन सामान्य नहीं रहेंगे। पहाड़ों से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।

20 से 24 फरवरी के बीच देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। खासकर बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं। हिमाचल से तमिलनाडु तक असर देखने को मिलेगा। यानी सर्दी भले कम हो गई हो, लेकिन मौसम का खतरा अभी टला नहीं है। सात राज्यों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। बारिश के चलते कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना है।

देश भर में कैसा रहेगा आज का मौसम?

देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री सिस्टम के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इससे तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है और ठंडक बढ़ सकती है। वहीं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और श्रीलंका तट के आसपास समुद्र उग्र रह सकता है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम

दिल्ली-NCR में 20 फरवरी को मौसम अचानक करवट ले सकता है। IMD के अनुसार तेज बारिश, गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम में बारिश अधिक हो सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम करीब 13 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी। तेज हवाओं से प्रदूषण स्तर में अस्थायी सुधार संभव है, हालांकि ट्रैफिक और उड़ानों पर हल्का असर पड़ सकता है। अगले दो दिनों में मौसम धीरे-धीरे साफ होगा, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलती रहेंगी।

यूपी और उत्तराखंड का हाल

उत्तर प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश का बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में कमी आई है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप से मौसम संतुलित बना हुआ है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। 22 से 24 फरवरी के बीच देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में बारिश का अनुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी संभव है, जिससे तापमान तेजी से गिर सकता है। यात्रियों और पर्यटकों को पहाड़ी मार्गों पर फिसलन और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार-झारखंड में असर

बिहार में मौसम मिला-जुला रहेगा। दिन में हल्की धूप से तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाओं के कारण ठंडक बनी रह सकती है। उत्तर और पूर्वी जिलों में बादल बढ़ सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना है। किसानों को फसल कटाई और भंडारण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

झारखंड में 24 फरवरी के आसपास कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आएगी।

हिमाचल और कश्मीर का मौसम

हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी के आसपास मौसम फिर सक्रिय हो सकता है। शिमला, कुल्लू, मनाली और कांगड़ा में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी संभव है। इससे तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।

जम्मू-कश्मीर में भी बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलेंगी। पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और कम विजिबिलिटी की आशंका है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान

मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और इंदौर संभाग में हल्के बादल और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। जयपुर, कोटा और उदयपुर में दिन में धूप रहेगी, जबकि शाम-रात को ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

तमिलनाडु का मौसम

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी है। चेन्नई और आसपास के तटीय इलाकों में आंशिक बादल और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। समुद्री नमी बढ़ने से उमस भी महसूस होगी। उत्तरी हिस्सों में सुबह कोहरा छा सकता है। समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

सियासी मियार की रीपोर्ट