Friday , February 20 2026

‘AI सब कुछ कर सकता है, पर दिल्ली का ट्रैफिक नहीं सुधार सकता’, पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक का मजेदार तंज, भारत की डिजिटल ताकत को बताया बेमिसाल

‘AI सब कुछ कर सकता है, पर दिल्ली का ट्रैफिक नहीं सुधार सकता’, पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक का मजेदार तंज, भारत की डिजिटल ताकत को बताया बेमिसाल

नई दिल्ली, 20 फरवरी ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान एक ऐसा चुटीला तंज कसा कि पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। समिट में देरी से पहुंचने के लिए माफी मांगते हुए सुनक ने मुस्कुराते हुए कहा, “एआई बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन वह दिल्ली के ट्रैफिक को ठीक नहीं कर सकता।” गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा कारणों से दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी हुई है। खुद सुनक को भी इस जाम का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने तकनीक और जमीनी हकीकत के बीच के इस अंतर को हल्के-फुल्के अंदाज में बयां किया।

मजाक के साथ-साथ ऋषि सुनक ने भारत की डिजिटल क्रांति की जमकर तारीफ की। उन्होंने यूपीआई (UPI), आधार और आयुष्मान भारत जैसे डिजिटल ढांचों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत ने जो तकनीकी बुनियाद रखी है, वह पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है। सुनक ने यह भी स्वीकार किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, उन्होंने खेल भावना दिखाते हुए चुटकी ली कि भले ही तकनीक में भारत आगे हो, लेकिन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड अभी भी ऊपर है। उनके इस बयान ने समिट में मौजूद विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं का दिल जीत लिया।

समिट के दौरान सुनक ने तकनीक के विकास के साथ-साथ इसकी सुरक्षा और सुशासन (Governance) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत न केवल अपने लिए, बल्कि विकासशील देशों की समस्याओं के समाधान के लिए भी एआई के मॉडल तैयार कर रहा है। सुनक ने ‘ब्लेचले पार्क’ में हुई पहली ग्लोबल एआई समिट का जिक्र करते हुए भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। भले ही दिल्ली का ट्रैफिक उनके लिए एक चुनौती रहा, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अब एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में एक ग्लोबल सुपरपावर बन चुका है।

सियासी मियार की रीपोर्ट