बॉक्स ऑफिस पर ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने शहर में’ की शुरुआत धीमी

इस शुक्रवार बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज फिल्मों से जिस तरह की उम्मीद की जा रही थी, वह पूरी नहीं हो सकी। तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ और मृणाल ठाकुर व सिद्धांत चतुर्वेदी की ‘दो दीवाने शहर में’ दोनों ही पहले दिन दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष करती नजर आईं। हालांकि, कमाई के मामले में ‘दो दीवाने शहर में’ ने मामूली बढ़त जरूर बनाई।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘अस्सी’ ने पहले दिन महज एक करोड़ का कारोबार किया। समीक्षकों से सराहना मिलने के बावजूद फिल्म दर्शकों को आकर्षित करने में असफल रही। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के बाद अनुभव सिन्हा और तापसी की जोड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।
ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि विषय-प्रधान फिल्मों के लिए दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया बेहद अहम होती है। ‘अस्सी’ के लिए भी अब वीकेंड का प्रदर्शन निर्णायक साबित होगा। अगर शनिवार और रविवार को कमाई में उछाल नहीं आता, तो फिल्म के लिए आगे का सफर मुश्किल हो सकता है।
वहीं, ‘दो दीवाने शहर में’ ने पहले दिन 1.25 करोड़ की कमाई की। यह आंकड़ा भले ही बड़ा न हो, लेकिन ‘अस्सी’ से 25 लाख ज्यादा है। रवि उदयावर के निर्देशन में बनी यह फिल्म शहरी युवाओं की भावनाओं और रिश्तों की कहानी को पेश करती है, जिसे मल्टीप्लेक्स दर्शकों का सीमित समर्थन मिल रहा है।
इस बीच शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ दूसरे हफ्ते में भी मजबूती से टिकी हुई है। फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार को करीब 2.25 करोड़ का कलेक्शन किया। दिलचस्प बात यह है कि ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने शहर में’ की संयुक्त कमाई भी ‘ओ रोमियो’ के बराबर ही रही, जिससे साफ है कि पुरानी रिलीज अभी भी नई फिल्मों पर भारी पड़ रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal