भारतीय टीम मुझे गलत साबित करे तो अच्छा होगा: मोहम्मद आमिर

टी20 विश्व कप की शुरुआत से ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर भारतीय टीम के खिलाफ नकारात्मक बयानों की वजह से चर्चा में रहे हैं। अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ बताने की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए आमिर ने अब भारतीय टीम को लेकर बयान दिया है।
आमिर ने कहा है कि टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी।
पाकिस्तान के एक टीवी शो पर मोहम्मद आमिर ने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि भारतीय टीम बुरी है। यह बस मेरा अंदाजा है। मैं भारतीय टीम की बल्लेबाजी को देखते हुए अपनी राय दे रहा हूं, जो अब तक अच्छी नहीं रही है। मेरे हिसाब से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज बेहतर टीमें हैं। इसलिए मैं भारतीय टीम को सेमी-फाइनलिस्ट के लिए अपनी पसंदीदा टीम नहीं मानता।”
आमिर ने कहा, “आपको मेरी राय पसंद है या नापसंद, यह आप पर है। क्या आप चाहते हैं कि मैं जबरदस्ती कहूं कि भारतीय टीम फाइनल खेलेगी? मुझे क्या फर्क पड़ता है कि वे पहुंचते हैं या नहीं? मुझे बस लगता है कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचेंगे। वे बेहतर खेल रहे हैं।”
हालांकि, आमिर ने कहा कि अगर भारतीय टीम उन्हें गलत साबित करती है, तो अच्छा रहेगा।
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा था। टीम ने अपने सभी 4 मैच जीतकर ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया है।
सुपर-8 में भारतीय टीम ग्रुप 1 का हिस्सा है। इस ग्रुप में भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे हैं। ये तीनों टीमें भी ग्रुप स्टेज पर शीर्ष पर रही थीं।
सुपर-8 में भारतीय टीम 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के साथ, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के साथ और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी।
भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2024 की विजेता है। अपनी धरती पर हो रहे विश्व कप में टीम इंडिया के पास खिताब को बरकरार रखने का मौका है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal