Friday , March 6 2026

महत्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा के लिए वेनेजुएला पहुंचे अमेरिकी गृह मंत्री

महत्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा के लिए वेनेजुएला पहुंचे अमेरिकी गृह मंत्री

अमेरिका के गृह मंत्री डग बर्गम ने बुधवार को वेनेजुएला में कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। इस मुलाकात को ट्रंप प्रशासन की उस नीति का संकेत माना जा रहा है, जिसके तहत दक्षिण अमेरिकी देश के प्राकृतिक संसाधनों पर प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘नेशनल एनर्जी डोमिनेंस काउंसिल’ का नेतृत्व करने वाले बर्गम इस दौरान अमेरिका और वेनेजुएला की कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मिलने वाले थे। वेनेजुएला स्थित अमेरिकी राजनयिक मिशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उनका उद्देश्य “वैध खनन क्षेत्र और महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित आपूर्ति शृंखला” को बढ़ावा देना है।

अमेरिकी मिशन ने दो दिन की इस यात्रा को प्रशासन की चरणबद्ध योजना को आगे बढ़ाने की दिशा में “एक और महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम” बताया, जिसका उद्देश्य वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना है।

बर्गम काराकास में रोड्रिगेज से मिलने वाले अमेरिकी अधिकारियों में शामिल हो गए हैं। रोड्रिगेज को दो महीने पहले तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी बलों द्वारा गिरफ्तारी के बाद पद की शपथ दिलाई गई थी। बर्गम की यह यात्रा फरवरी में ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट की यात्रा के बाद हुई है, जो मुख्य रूप से वेनेजुएला की तेल क्षमता पर केंद्रित थी।

वेनेजुएला में अमेरिका की शीर्ष राजनयिक लॉरा डोगू भी राष्ट्रपति भवन में रोड्रिगेज के साथ हुई बैठक में बर्गम के साथ मौजूद थीं।

ट्रंप प्रशासन ने पिछले महीने अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ महत्वपूर्ण खनिजों का एक व्यापारिक समूह बनाने की योजना की घोषणा की थी, ताकि लड़ाकू विमानों से लेकर स्मार्टफोन तक में उपयोग होने वाले इन अहम तत्वों पर चीन के प्रभाव का मुकाबला किया जा सके।

तेल के अलावा वेनेजुएला में सोना, तांबा, हीरे और अन्य कीमती खनिज भी प्रचुर मात्रा में हैं, हालांकि कमजोर नियमन के कारण खनन उद्योग में असुरक्षित कार्य परिस्थितियां आम हैं।

मादुरो और उनके सहयोगी आरोप लगाते रहे हैं कि अमेरिका की शत्रुता का कारण, वेनेजुएला के समृद्ध तेल और खनिज संसाधनों पर उसकी नजर है।

सियासी मियार की रीपोर्ट