‘कोच साहब…’, टीम इंडिया की जीत के बाद गंभीर के लिए धोनी का खास कमेंट, बुमराह को बताया ‘चैंपियन बॉलर’
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘कोच साहब, आपकी मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लग रही है।’ इसके साथ ही, धोनी ने जसप्रीत बुमराह को ‘चैंपियन बॉलर’ बताया।
महेंद्र सिंह धोनी ने लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने विश्व विजेता बनने पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “अहमदाबाद में इतिहास रचा गया। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।”
उन्होंने गौतम गंभीर के बारे में लिखा, “कोच साहब, आप पर मुस्कान बहुत अच्छी लगती है। जोश और मुस्कान का मेल कमाल का है, बहुत बढ़िया।”
फाइनल मुकाबले में जसप्रीत बुमराह के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने लिखा, “बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है, चैंपियन बॉलर।”
भारतीय क्रिकेट टीम ने गुजरात के अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को जीतकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत ने अपना तीसरा टी20 विश्व कप खिताब हासिल किया।
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे अधिक 3 बार ट्रॉफी जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी है। इसके अलावा, कोई मेजबान देश पहली बार जीता टी20 वर्ल्ड कप जीता है। टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भी नया रिकॉर्ड कायम किया। इसके अलावा, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा टोटल (255 रन) भी टीम इंडिया की तरफ से बना है।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारतीय टीम ने कुल 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 159 रनों पर रोककर 96 रनों से मैच जीत लिया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal