पंजाब के होशियारपुर में सड़क हादसा, महिला और उसके बेटे समेत तीन की मौत

होशियारपुर (पंजाब), 11 मार्च। जिले में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार के, सड़क के किनारे खड़ी एसयूवी से टकरा जाने से एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान शबनम सैनी (48) और उनके बेटे तुषांत (18) के रूप में हुई है, जो अर्टिगा कार में सवार थे, जबकि राहुल (25) एसयूवी में सवार था।
तांडा थाने के प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि हादसा सोमवार देर रात उस समय हुआ जब सैनी और उनका बेटा जालंधर से दसूया की ओर कार से जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि चोलांग ओल प्लाजा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे खड़ी एसयूवी से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी पलटकर सड़क किनारे गिर गई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार शबनम सैनी, तुषांत और राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
एसयूवी में सवार एक अन्य व्यक्ति विलियम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal