Sunday , August 23 2026

हॉर्मुज जलडमरूमध्य : अमेरिका ने दी ईरान को और भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

हॉर्मुज जलडमरूमध्य : अमेरिका ने दी ईरान को और भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल के जहाजों को रोकने की कोशिश की तो अमेरिका उस पर अब तक की तुलना में बीस गुना अधिक जोरदार हमला करेगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल के जहाजों की आवाजाही रोकने के लिए कुछ भी करता है, तो अमेरिका उस पर अब तक किए गए हमलों के मुकाबले बीस गुना अधिक जोरदार प्रहार करेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के उन ठिकानों को निशाना बनाएगा जिन्हें आसानी से नष्ट किया जा सकता है और इससे ईरान का दोबारा खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उन पर मौत, आग और रोष का कहर बरसेगा। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह आशा और प्रार्थना करते हैं कि ऐसा न हो।

गौरतलब है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी समुद्री रास्तों में से एक है। इस रास्ते से वैश्विक तेल कारोबार का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है।

श्री ट्रम्प ने अपनी इस चेतावनी को चीन और उन सभी देशों के लिए अमेरिका की ओर से एक उपहार बताया जो हॉर्मुज जलडमरूमध्य का अत्यधिक उपयोग करते हैं। चीन और अन्य एशियाई अर्थव्यवस्थाएं इस जलमार्ग से भेजे जाने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस पर निर्भर हैं। यह रास्ता युद्ध शुरू होने के बाद से लगभग बंद है।

इससे पहले सोमवार को ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा था कि जो भी अरब या यूरोपीय देश अपने क्षेत्र से इजरायली और अमेरिकी राजदूतों को निष्कासित करेगा, उसे हॉर्मुज जलडमरूमध्य से बेरोकटोक आवाजाही की इजाजत होगी।

सियासी मियार की रीपोर्ट