झारखंड के गोड्डा में जादू टोने के संदेह में आदिवासी दंपति और उनके बेटे की हत्या

गोड्डा (झारखंड), 18 मार्च । झारखंड के गोड्डा जिले में जादू टोना करने के संदेह में एक आदिवासी दंपति और उनके नाबालिग बेटे की कथित तौर पर उनके रिश्तेदारों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार देर रात देवदानर पुलिस थाना क्षेत्र के डांग टोला में हुई और पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद किए।
गोड्डा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अशोक रविदास ने बताया, ‘‘गोड्डा के डांग टोला में एक आदिवासी दंपति और उनके नाबालिग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पीड़ितों की हत्या जादू-टोना करने के संदेह में की गई।’’
उन्होंने बताया कि अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसडीपीओ ने कहा, ‘‘पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक था कि ये लोग जादू-टोना करते हैं।’’
उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal