आगा का रनआउट खेल के नियमों के अनुरूप था: एमसीसी

खेल नियमों के सरंक्षक मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने ढाका में बंगलादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा के विवादित रन-आउट पर कहा है कि यह पूरी तरह खेल के नियमों के अनुरुप था। हालांकि उसने यह भी सुझाव दिया कि बंगलादेश ‘स्पिरिट ऑफ क्रिकेट’ (खेल की भावना) के आधार पर अपनी अपील वापस ले सकता था। एमसीसी ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, “खेल के नियमों का संरक्षक एमसीसी ने कहा कि अंपायरों का आगा को आउट देना सही था। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज ने स्वयं गेंद उठाने की कोशिश करके, गेंद को रोकने के कारण आउट होने का जोखिम मोल ले लिया था। नियमों के तहत, अंपायर इससे अलग कुछ और नहीं कर सकते थे। जब विकेट गिरा, तब नॉन-स्ट्राइकर साफ तौर पर अपनी क्रीज से बाहर थे, और गेंद अभी भी खेल में थी। इसलिए, यह आउट है।”
उन्होंने कहा, “गेंद के ‘डेड’ (निष्क्रिय) होने का तो कोई सवाल ही नहीं था और अक्टूबर में जब नया ‘डेड-बॉल’ नियम लागू होगा। जो अंपायरों को यह तय करने का अधिक अधिकार देता है कि गेंद ‘पूरी तरह से कब स्थिर हो गई है’ तब भी यही स्थिति बनी रहेगी। इसलिए, इस बात का कोई आधार नहीं है कि नियमों के अनुसार यह फैसला ‘नॉट-आउट’ होना चाहिए था, और न ही।”
उन्होंने कहा, “कुछ सुझाव आए हैं कि गेंद को ‘डेड’ मान लिया जाना चाहिए था। नियमों के तहत यह संभव नहीं है; जब खिलाड़ी आपस में टकराते हैं तो गेंद ‘डेड’ नहीं हो जाती – अगर ऐसा होता, तो खिलाड़ी ऐसी स्थितियों में जान-बूझकर टकराने की कोशिश करते, जब उन्हें इससे फायदा हो सकता था। गंभीर चोट का कोई खतरा नहीं था, इसलिए इस आधार पर ‘डेड बॉल’ का फैसला नहीं दिया जा सकता था। अंपायर के लिए यह स्पष्ट तौर पर समझना मुश्किल था कि क्या सभी खिलाड़ियों ने गेंद को खेल से बाहर मान लिया है, क्योंकि मेहदी को साफ तौर पर लग रहा था कि गेंद अभी भी सक्रिय है, भले ही आगा को ऐसा न लगा हो। और गेंद न तो गेंदबाज के हाथों में पूरी तरह से स्थिर हुई थी और न ही विकेटकीपर के, क्योंकि वह जमीन पर पड़ी थी।”
उल्लेखनीय है कि ढाका में बंगलादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान मेहदी, मोहम्मद रिजवान के शॉट को रोकने के लिए पिच पर दौड़ रहे थे, जबकि आगा नॉन-स्ट्राइकर छोर पर पीछे हट रहे थे। जब मेहदी गेंद उठाने की प्रयास कर रहे थे, तो आगा भी नीचे झुके, ऐसा लग रहा था कि वे स्वयं गेंद उठाकर गेंदबाज को देना चाहते थे। लेकिन इससे पहले कि वे ऐसा कर पाते, मेहदी तेजी से गेंद पर झपटे और उसे स्टंप्स की ओर उछाल दिया, जबकि आगा अपनी क्रीज से बाहर थे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal