मिल गया आंद्रे रसेल का तोड़! कोच अभिषेक नायर ने शॉर्टलिस्ट किए 3 नाम, KKR के ये फिनिशर मचाएंगे तहलका

कोलकाता, 22 मार्च आईपीएल 2025 में खराब प्रदर्शन के बाद केकेआर में बदलाव हुए और आंद्रे रसेल ने संन्यास ले लिया। अब सवाल है कि आईपीएल 2026 में उनकी जगह प्लेइंग 11 में कौन लेगा?
आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। पिछले कई सालों तक टीम के सबसे बड़े मैच विनर रहे आंद्रे रसेल अब आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि उनकी जगह कौन लेगा।
रसेल के जाने से बढ़ी चिंता
आंद्रे रसेल ने पिछले एक दशक में केकेआर को कई यादगार जीत दिलाई हैं। वह टीम के सबसे भरोसेमंद फिनिशर और ऑलराउंडर रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टीम का संतुलन बिगड़ सकता है, इसलिए फ्रेंचाइजी को नए मैच विनर तैयार करने होंगे।
अभिषेक नायर का बड़ा बयान
टीम के हेड कोच अभिषेक नायर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रसेल के रिप्लेसमेंट को लेकर खुलकर बात की। अभिषेक ने कहा- “आंद्रे रसेल इस फ्रेंचाइजी के लिए हमेशा अहम रहे हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में जो हासिल किया है, उसे दोहराना आसान नहीं है। अब उनकी जगह रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह जैसे खिलाड़ी भर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि दोनों इस मौके का फायदा उठाएंगे।”
रिंकू और रमनदीप पर भरोसा
रिंकू सिंह पहले ही कई मौकों पर खुद को साबित कर चुके हैं। उन्होंने टीम इंडिया और केकेआर दोनों के लिए शानदार फिनिशिंग की है। वहीं रमनदीप सिंह भी निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है।
तेजस्वी दहिया भी रेस में
कोच ने युवा खिलाड़ी तेजस्वी दहिया का नाम भी लिया, जिन्होंने हाल के समय में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। वह भी टीम के लिए एक अहम विकल्प बन सकते हैं और फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। केकेआर ने ऑलराउंडर की कमी को पूरा करने के लिए कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया है। ग्रीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकते हैं, हालांकि उनकी भूमिका मिडिल ऑर्डर में रहने की संभावना है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या केकेआर के नए खिलाड़ी रसेल की कमी को पूरा कर पाएंगे। टीम के पास प्रतिभा तो है, लेकिन रसेल जैसा अनुभव और मैच जिताने की क्षमता हासिल करना आसान नहीं होगा। आईपीएल 2026 में ही यह साफ हो पाएगा कि केकेआर इस चुनौती से कैसे निपटती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal