‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत भारतीय सेना ने श्रीलंका में बनाया चौथा पुल

नई दिल्ली, 24 मार्च। श्रीलंका में क्षेत्रीय यातायात को बढ़ावा देने के लिए अहम कदम उठाते हुए भारतीय सेना ने कोलंबो से लगभग 70 किमी उत्तर में चिलाव में 240 फीट लंबा ‘एक्स्ट्रा वाइड रेनफोर्स्ड हाइब्रिड बेली ब्रिज’ बनाकर तैयार कर दिया है। ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय सेना का बनाया यह चौथा ऐसा पुल है।
इस नवनिर्मित पुल से कोलंबो-पुट्टलम के बीच का महत्वपूर्ण संपर्क फिर से बहाल हो गया है, जो इस क्षेत्र का एक प्रमुख परिवहन गलियारा है। इसके शुरू होने से लोगों और सामान की आवाजाही में काफी सुधार होने की उम्मीद है, साथ ही तटीय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की मजबूती भी बढ़ेगी।
बेली ब्रिज अपनी खास बनावट और तेजी से तैनात किये जाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। भारतीय सेना के पास देश-विदेश में मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशनों के तहत ऐसे पुल बनाने का व्यापक अनुभव है।
जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स ने कोलंबो से 70 किमी उत्तर में चिलाव में 240 फीट लंबा पुल सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह श्रीलंका में ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय सेना निर्मित चौथा पुल है। यह प्रयास श्रीलंका के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता और ‘पड़ोसी प्रथम’ की नीति को दर्शाता है, जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का प्रतीक है।”
अधिकारियों ने कहा कि इस पुल को भारी वाहनों के यातायात को संभालने और लंबी अवधि तक चलने के लिए तैयार किया गया है। बता दें कि पिछले साल उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘दितवा’ की तबाही के बाद महत्वपूर्ण संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में श्रीलंका की मदद करने के लिए भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal