Thursday , March 26 2026

सोनिया गांधी की सेहत में सुधार, सर गंगा राम अस्पताल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, इंफेक्शन के लिए चल रहा एंटीबायोटिक्स का कोर्स, डॉक्टरों की टीम रख रही है कड़ी निगरानी

सोनिया गांधी की सेहत में सुधार, सर गंगा राम अस्पताल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, इंफेक्शन के लिए चल रहा एंटीबायोटिक्स का कोर्स, डॉक्टरों की टीम रख रही है कड़ी निगरानी

नई दिल्ली, 26 मार्च । कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की सेहत को लेकर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप द्वारा जारी किए गए ताजा हेल्थ अपडेट के अनुसार, सोनिया गांधी की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे उपचार के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही हैं। उन्हें ‘सिस्टमिक इंफेक्शन’ की शिकायत के बाद मंगलवार देर रात भर्ती कराया गया था, जिसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक संयुक्त टीम उनका इलाज एंटीबायोटिक्स के जरिए कर रही है। डॉ. डी.एस. राणा और डॉ. अरूप बसु सहित वरिष्ठ चिकित्सकों का दल उनकी रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है।

चिकित्सकों के मुताबिक, दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के स्तर ने उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। सोनिया गांधी को पिछले कई वर्षों से ‘ब्रोंकियल अस्थमा’ की समस्या रही है, जिसके कारण उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ महसूस हो रही थी। इससे पहले भी जनवरी माह में प्रदूषण के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ा था। डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें पूर्ण विश्राम और प्रदूषण से बचने की सलाह दी है ताकि इंफेक्शन को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।

सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं और सहयोगियों ने उनकी सलामती की दुआ की है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ मौजूद हैं और समय-समय पर डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने फिलहाल उन्हें कुछ और दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखने का निर्णय लिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनकी सेहत को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है, जिसके मद्देनजर अस्पताल प्रशासन नियमित अंतराल पर बुलेटिन जारी कर अफवाहों पर विराम लगा रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट