पंतनगर के होटल में दिल्ली की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पंतनगर (उधमसिंह नगर), उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के पंतनगर में एक होटल में दिल्ली की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली में लोधी रोड की निवासी ज्योति शर्मा (40) कारोबार में अपने सहयोगी अमित चौधरी के साथ पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में रुकी हुई थीं जहां मंगलवार देर रात उनकी तबियत खराब हो गयी। चौधरी ने होटल के रिसेप्शन पर जाकर शर्मा के लिए चिकित्सीय मदद मांगी जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू की। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि घटना में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने शर्मा और चौधरी के बीच संबंध, होटल में उनके ठहरने के उद्देश्य और घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के कारणों के बारे में फिलहाल कुछ पता नहीं चला है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही इस बारे में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शर्मा, दिल्ली के छतरपुर निवासी चौधरी के साथ नैनीताल के निकट स्थित कैंचीधाम के दर्शन के लिए जा रही थीं और रास्ते में दोनों होटल में रुके थे।
वहीं, मृतका की बहन ने चौधरी पर अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में मृतका के परिजनों की ओर से पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं दी गयी है।
पुलिस चौधरी को हिरासत में लेकर मामले की पूछताछ कर रही है।
उधमसिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने कहा कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने आ सके।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal