‘भूत बंगला’ की रफ्तार धीमी, ‘माइकल’ से मिल रही कड़ी टक्कर

मुंबई, 29 अप्रैल। अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ की कमाई में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 12 दिन पूरे कर लिए हैं, लेकिन अब तक यह 150 करोड़ क्लब से काफी दूर है। दूसरे मंगलवार को फिल्म ने 4.35 करोड़ का कारोबार किया, जो पिछले दिन के 3.65 करोड़ से थोड़ा बेहतर रहा। इसके साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 121.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
हालांकि, फिल्म ने शुरुआती दिनों में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे हफ्ते में इसकी रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। ट्रेड जानकारों का मानना है कि 150 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने के लिए फिल्म को आने वाले दिनों में मजबूत पकड़ बनाए रखनी होगी। अक्षय कुमार की इस फिल्म से दर्शकों को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन फिलहाल इसका प्रदर्शन उम्मीद से थोड़ा कम माना जा रहा है।
वहीं हॉलीवुड फिल्म ‘माइकल’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन कर रही है। माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म ने पांचवें दिन 2.40 करोड़ कमाए, जिससे इसका कुल कारोबार 21.15 करोड़ रुपये हो गया है। दूसरी ओर ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ की हालत कमजोर बनी हुई है और पांचवें दिन सिर्फ 10 लाख की कमाई के साथ इसका कुल कलेक्शन 1.43 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
संजय दत्त को पहली बार में ही पसंद आई ‘आखरी सवाल’ की कहानी
मुंबई, 29 अप्रैल (वेब वार्ता)। निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने बताया है कि संजय दत्त को पहली बार में ही आखरी सवाल’ की कहानी पसंद आ गयी थी। संजय दत्त स्टारर ‘आखरी सवाल’ सबसे ज्यादा इंतज़ार की जाने वाली फिल्मों में से एक बनकर उभरी है और दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से राह देख रहे हैं। इसकी अनाउंसमेंट के बाद से ही काफी चर्चा थी और फिर मेकर्स ने हनुमान जयंती पर फिल्म का टीज़र रिलीज किया, जिसमें दुनिया के सबसे बड़े स्वैच्छिक संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के इतिहास की ऐसी झलक दिखाई गई जो पहले कभी नहीं देखी गई थी। जहाँ हर कोई फिल्म का इंतज़ार कर रहा है, वहीं निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने ‘आखरी सवाल’ की स्क्रिप्ट सुनने के बाद संजय दत्त के रिएक्शन के बारे में बताया है।
‘आखरी सवाल’ की स्क्रिप्ट पर संजय दत्त के रिएक्शन को साझा करते हुए अभिजीत मोहन वारंग ने कहा, “जब संजय ने पहली बार स्क्रिप्ट सुनी, तो वो तुरंत इससे जुड़ गए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि भारतीय इतिहास का वो अनकहा अध्याय है जिसे बताया जाना बहुत जरूरी है। उनका मानना था कि यह कहानी हमारे देश की उन सबसे महत्वपूर्ण कहानियों में से एक है जिसे अब तक पूरी तरह से एक्सप्लोर नहीं किया गया है।” ‘आखरी सवाल’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म मेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। निखिल नंदा द्वारा पेश की गई इस फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, जबकि पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं। यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal